कांगड़ा में एनएचएम कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द, आदेश जारी
धर्मशाला, 27 मई (हि.स.)। कांगड़ा जिला में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत कर्मचारियों की छुट्टियां फिलहाल रद्द कर दी गई हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कांगड़ा डॉ विवेक करोल ने आदेश जारी कर जिले और ब्लॉक स्तर पर कार्यरत सभी एनएचएम कर्मचारियों को 31 मई तक सभी राजपत्रित अवकाशों पर भी कार्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
जारी आदेश के अनुसार यह फैसला एसएनए स्पर्श के तहत वर्ष 2026-27 की वित्तीय सीमा निर्धारण और निर्धारित समय के भीतर फंड उपयोग सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है। आदेश में कहा गया है कि एनएचएम के तहत उपलब्ध धनराशि का उपयोग 31 मई 2026 तक हर हाल में किया जाना है।
स्वास्थ्य विभाग के सीएमओ कांगड़ा डॉ. विवेक करोल की ओर से जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि कांगड़ा जिले के सभी ब्लॉकों सहित एनएचएम के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारी 31 मई तक पड़ने वाले सभी सरकारी अवकाशों में भी ड्यूटी देंगे। इसमें 28 मई को कांगड़ा में पंचायत चुनाव व ईद-उल-जुहा और 31 मई रविवार का अवकाश भी शामिल है।
विभाग की ओर से कर्मचारियों को आश्वस्त किया गया है कि अवकाश के दिनों में ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को बाद में कंपेंसटरी लीव प्रदान की जाएगी। वहीं पंचायत चुनाव में मतदान करने वाले कर्मचारियों के लिए भी राहत दी गई है। उन्होंने कहा है कि जो कर्मचारी मतदान के लिए प्रिजाइडिंग ऑफिसर से प्रमाणित लिखित अनुमति या प्रमाण लेकर आएंगे, उन्हें मतदान के लिए अवकाश दिया जाएगा।
सीएमओ डॉ. विवेक करोल ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। वहीं सभी बीएमओ, शाखा प्रभारियों और एनएचएम सेक्शन को भी आवश्यक अनुपालन के निर्देश जारी किए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

