चंबा-किलाड़ मार्ग को मिला स्ट्रैटेजिक रोड का दर्जा : हर्ष महाजन
धर्मशाला, 22 सितंबर (हि.स.)। राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने कहा कि उनकी लगातार पहल और पैरवी के परिणामस्वरूप चंबा से चुराह, किलाड़ (पांगी) जाने वाले अति महत्वपूर्ण मार्ग को रक्षा मंत्रालय द्वारा स्ट्रैटेजिक रोड के रूप में शामिल किया गया है तथा इसके निर्माण एवं रखरखाव की जिम्मेदारी केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को दी गई है। जो कि बॉर्डर रोड आर्गेनाईजेशन (बीआरओ) के देख रेख में कार्य संपादित करेगी।
मंगलवार को यहां जारी एक प्रेस बयान में हर्ष महाजन ने कहा कि यह निर्णय आकांक्षी जिला चंबा के लिए केंद्र सरकार की ओर से एक बहुत बड़ा और महत्वपूर्ण तोहफा है। चंबा-किलाड़ मार्ग केवल एक सड़क नहीं, बल्कि चुराह, पांगी-किलाड़ जैसे अत्यंत दुर्गम एवं जनजातीय क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण जीवनरेखा है। जिसमे नए ब्रिज और पास जैसे कि चैनी पास भी शामिल है। इस मार्ग के स्ट्रैटेजिक रोड के रूप में विकसित होने से क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी, आवागमन, आर्थिक गतिविधियों, पर्यटन, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
चुराह, पांगी और किलाड़ क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए यह निर्णय किसी वरदान से कम नहीं है। लंबे समय से भौगोलिक कठिनाइयों और कठिन मौसम के कारण इन क्षेत्रों को कनेक्टिविटी की गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ता रहा है। ऐसे में इस महत्वपूर्ण मार्ग की जिम्मेदारी केंद्र सरकार के स्तर पर लिए जाने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
भाजपा सांसद हर्ष महाजन ने कहा कि चंबा जिले की सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में रहा है। इससे पहले भी उनकी पहल और पैरवी के परिणामस्वरूप पठानकोट-चंबा भरमौर मार्ग को एनएचएआई के अधीन लाया गया, जिससे इस महत्वपूर्ण मार्ग के निर्माण, उन्नयन एवं रखरखाव को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिली है।
इसके अलावा केंद्र सरकार की तरफ से हिमाचल प्रदेश को खानाडुंती-लामखागा दर्श-हरसिल सड़क का निर्माण और वांगतु-मुड-अट्टारगु सड़क के निर्माण का तोहफा भी मिला है। महाजन ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री का हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा आकांक्षी और दुर्गम क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है, जिसका प्रत्यक्ष लाभ आकाक्षी जिला चंबा जैसे कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले जिले को मिल रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

