home page

जीवन में अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्रसेवा के पांच संकल्प अपनाएं विद्यार्थी : अनुराग शर्मा

 | 
जीवन में अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्रसेवा के पांच संकल्प अपनाएं विद्यार्थी : अनुराग शर्मा


धर्मशाला, 23 अक्टूबर (हि.स.)। राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने शुक्रवार को पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, पपरोला में आयोजित दो दिवसीय संकुल स्तरीय कला उत्सव प्रतियोगिता 2026-27 के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अपने छात्र जीवन के अनुभव भी साझा किए तथा उन्हें जीवन में अनुशासन, परिश्रम, संस्कार और राष्ट्रसेवा के महत्व को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।

राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों से पांच संकल्प अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी प्रतिदिन कुछ नया सीखने और अपने ज्ञान में वृद्धि करने, असफलताओं से निराश हुए बिना लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर मेहनत करने, माता-पिता, शिक्षकों एवं सभी लोगों का सम्मान करने तथा अपनी सफलता के साथ समाज एवं राष्ट्र के कल्याण में योगदान देने का संकल्प ले। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन संकल्पों को जीवन में अपनाकर विद्यार्थी अपने परिवार और विद्यालय का नाम रोशन करने के साथ-साथ बेहतर समाज एवं सशक्त भारत के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

इस दौरान राज्यसभा सांसद ने विद्यालय प्रबंधन को आश्वस्त किया कि स्कूल की चारदीवारी के निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, विद्यालय तक आने वाले रास्ते की मरम्मत के लिए भी हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। विद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार शर्मा ने मुख्यातिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया।

कला उत्सव में प्रदेश भर से 248 छात्र छात्राओं ने लिया हिस्सा

दो दिवसीय संकुल स्तरीय कला उत्सव में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों के जवाहर नवोदय विद्यालयों से आए 248 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान शास्त्रीय एकल नृत्य, थिएटर, आदिवासी नृत्य एवं पारंपरिक लोक नृत्य सहित विभिन्न कला विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों को प्रभावित किया। वहीं, थिएटर प्रस्तुतियों के माध्यम से साइबर सुरक्षा, विकसित भारत और राष्ट्रीय एकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी संदेश दिया गया।

शास्त्रीय एकल नृत्य में शिमला और थिएटर प्रतियोगिता में हमीरपुर बना विजेता

प्रतियोगिता के परिणामों में शास्त्रीय एकल नृत्य में शिमला ने प्रथम, हमीरपुर ने द्वितीय और चंबा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। थिएटर प्रतियोगिता में कांगड़ा प्रथम, बिलासपुर द्वितीय और सिरमौर तृतीय स्थान पर रहा। क्षेत्रीय एवं जनजातीय लोक नृत्य में हमीरपुर ने प्रथम, बिलासपुर ने द्वितीय और मंडी ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं, शास्त्रीय एवं लोक नृत्य की अन्य श्रेणी में कांगड़ा प्रथम, बिलासपुर द्वितीय और चंबा तृतीय स्थान पर रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया