home page

पढ़ाई के साथ बच्चों में संस्कार अति आवश्यक : अनुराग शर्मा

 | 
पढ़ाई के साथ बच्चों में संस्कार अति आवश्यक : अनुराग शर्मा


पढ़ाई के साथ बच्चों में संस्कार अति आवश्यक : अनुराग शर्मा


धर्मशाला, 29 नवंबर (हि.स.)। राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए छात्रों का बहुमुखी विकास अत्यंत आवश्यक है। आज की तेज़ी से बदलती दुनिया में केवल किताबी ज्ञान ही काफी नहीं है। छात्रों को मानसिक, बौद्धिक, नैतिक और व्यावहारिक रूप से सशक्त बनाना समय की सबसे बड़ी मांग है। तभी युवा पीढ़ी आत्मविश्वास के साथ हर नई समस्या का समाधान कर सकेगी और राष्ट्र के निर्माण में योगदान देगी। सांसद माउंट कार्मेल विद्यालय बैजनाथ में आयोजित 32वें वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह ‘टैलेंटिया’ में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने विद्यालय में प्रदान की जा रही शिक्षा की सराहना करते हुए कहा कि माउंट कार्मेल स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना भी है ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल, सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों में भी अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर प्राप्त करने चाहिए।

सांसद ने अध्यापकों और अभिभावकों से आग्रह किया कि ऑनलाइन के इस दौर में बच्चों को जीवन मूल्यों का ज्ञान देने के साथ मोबाइल फोन का कम और सदुपयोग करने के लिए प्रेरित करें तथा किताबी ज्ञान और पढ़ने की आदत को बढ़ावा दें।

उन्होंने छात्रों से नशा रूपी दलदल से बचने की पुरजोर अपील भी की। प्रदेश सरकार की शिक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा डॉ. वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना संचालित की जा रही है। इसके अंतर्गत पात्र एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को एक प्रतिशत ब्याज दर पर 20 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध करवाने का प्रावधान है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया