home page

धर्मशाला जेल में हुई युवक की मौत की हो निष्पक्ष न्यायिक जांच : सुधीर शर्मा

 | 
धर्मशाला जेल में हुई युवक की मौत की हो निष्पक्ष न्यायिक जांच : सुधीर शर्मा


धर्मशाला, 21 मई (हि.स.)। धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने धर्मशाला जेल में एक युवक की हुई मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध न्यायिक जांच होनी चाहिए ताकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

वीरवार को जारी एक प्रेस बयान में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सुधीर शर्मा ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की पुलिस या न्यायिक अभिरक्षा में मृत्यु अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मानवाधिकारों की रक्षा सर्वोपरि है तथा ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की शंका को दूर करने के लिए स्वतंत्र न्यायिक जांच आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन द्वारा न्यायिक जांच की प्रक्रिया शुरू की गई है तो जांच को पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ अंजाम दिया जाए तथा इसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। साथ ही मृतक के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जानी चाहिए।

सुधीर शर्मा ने कहा कि इस दुखद घटना से क्षेत्र में चिंता का माहौल है और जनता सत्य जानना चाहती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी तथ्यों को सामने लाए तथा यदि किसी स्तर पर लापरवाही या जिम्मेदारी पाई जाती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने दिवंगत युवक के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया