home page

खनियारा में 5 लाख से बनेगा अखाड़ा : सुधीर शर्मा

 | 
खनियारा में 5 लाख से बनेगा अखाड़ा : सुधीर शर्मा


धर्मशाला, 30 मार्च (हि.स.)। धर्मशाला के खनियारा में आधुनिक अखाड़ा बनाया जाएगा, जिस पर पांच लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। यह बात भाजपा नेता व धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा ने खनियारा के देव इन्द्रूनाग छिंज मेले में बतौर मुख्यातिथि कही। सुधीर शर्मा ने कहा कि मेला मैदान के सौंदर्यीकरण के लिए बजट का जल्द प्रावधान किया जाएगा। सुधीर शर्मा ने कहा कि खनियारा में जल्द ही 20 सोलर लाइट्स लगाई जाएंगी। उन्होंने अपनी ओर से मेला आयोजन समिति को 50 हजार रुपए दिए। सुधीर शर्मा ने कहा कि अमर शहीद सुनील जंग महंत जी की याद में खनियारों में प्रेवश द्वार बन रहा है। इस पर चार लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं। इस गेट को अप्रैल माह में समर्पित किया जाएगा।

विधायक ने मेला समिति को सफल आयोजन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेले हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पंहुचाने का काम करते हैं। ये न केवल मनोरंजन प्रदान करते हैं, बल्कि समुदाय के लोगों को एकजुट होने का अवसर भी देते हैं, जिससे भाईचारा बढ़ता है। मेलों में लोक नृत्य, लोक गीत, पारंपरिक परिधान और स्थानीय व्यंजनों की समृद्ध झलक मिलती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण मेलों और कार्यक्रमों को और सफल बनाने के लिए वह हर गांव में एक मैदान विकसित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में जिस तेजी से विकास हो रहा था, उसे मौजूदा कांग्रेस सरकार ने रोक दिया है। जनता जरूर कांग्रेस को सबक सिखाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया