home page

बोह घाटी हादसा : ग्राउंड जीरो पर पहुंचे विधायक सुधीर शर्मा, आपदा पीड़ितों के लिए बने सहारा

 | 
बोह घाटी हादसा : ग्राउंड जीरो पर पहुंचे विधायक सुधीर शर्मा, आपदा पीड़ितों के लिए बने सहारा


धर्मशाला, 23 जुलाई (हि.स.)। प्रकृति की मार से उजड़ी बोह घाटी में मानवता की मिसाल कायम करते हुए धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा संकट की घड़ी में पीड़ितों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े नजर आए। बादल फटने के महज दो दिन बाद ही विधायक सुधीर शर्मा ने बोह घाटी के ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने न केवल लोगों का दर्द साझा किया, बल्कि तात्कालिक राहत के रूप में प्रत्येक बेघर परिवार को 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की।

बोह घाटी में मलबे और तबाही के बीच पहुंचे विधायक ने पीड़ितों को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि जिन्होंने जीवन भर की कमाई से आशियाना बनाया था, वह पल भर में बह गया। यह दृश्य हृदयविदारक है। इस दुख की घड़ी में भाजपा परिवार आपके साथ है। अपनी ओर से तुरंत राहत देते हुए शर्मा ने कहा कि यह छोटी सी सहायता परिवारों की तात्कालिक जरूरतों जैसे भोजन, दवाइयां और अस्थायी आवास में मदद करेगी।

ग्राउंड जीरो का जायजा लेने के बाद विधायक सुधीर शर्मा ने प्रदेश सरकार से त्वरित कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रभावितों के पुनर्वास के लिए अब देरी बर्दाश्त नहीं की जा सकती। उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि बोह घाटी के लिए बिना देरी के विशेष आर्थिक पैकेज घोषित किया जाए। राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि बेघर हुए परिवारों को जल्द से जल्द सिर छिपाने की जगह मिल सके।

गौरतलब है कि दो दिन पूर्व बोह घाटी में बादल फटने से पहाड़ों से आया सैलाब और मलबा सब कुछ बहा ले गया। कई मकान जमींदोज हो गए। सैकड़ों लोग बेघर होकर खुले आसमान के नीचे जीवन बिताने को मजबूर हैं।

स्थानीय लोगों ने विधायक के इस त्वरित कदम की सराहना करते हुए कहा कि संकट के समय में सुधीर शर्मा का इस तरह पहुंचना उनके लिए संजीवनी का काम कर रहा है। विधायक ने प्रशासन को भी निर्देश दिए कि राहत सामग्री और पुनर्वास कार्य युद्ध स्तर पर किए जाएं ताकि पीड़ितों को जल्द राहत मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया