विधायक केवल पठानिया ने धारकंडी क्षेत्र को दी करोड़ों की सौगातें
धर्मशाला, 16 मार्च (हि.स.)। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने सोमवार को धारकण्डी क्षेत्र में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान की। इस दौरान उन्होंने कुल 22.35 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ किया।
उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने 16.43 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली कनोल-लग बतूनी-मोर्छ सड़क के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। लगभग 10 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा उन्होंने भनाला से रूलेड सड़क पर 1.91 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 30 मीटर लंबे पुल का शिलान्यास किया। वहीं, 3.74 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ब्रहाल पुल पर बने 50 मीटर लंबे पुल का लोकार्पण भी किया।
इसी क्रम में केवल सिंह पठानिया ने 27.41 लाख रुपये की लागत से बने 25 केवीए विद्युत वितरण उपकेंद्र, लग बतूनी का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस उपकेंद्र के शुरू होने से क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा लोगों को बिजली संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी।
इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने कहा कि धारकण्डी क्षेत्र में विभिन्न विभागों के माध्यम से लगभग 65 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को गति दी जा रही है, जिनका सीधा लाभ क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा विकास कार्यों में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

