मधुमक्खी पालकों से मिले विधायक पठानिया, समस्याएं सुनकर हरसंभव सहायता का दिया आश्वासन
धर्मशाला, 05 नवंबर (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया बुधवार को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के कल्याडा में मधुमक्खी पालकों से मिले और उनसे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। विधायक स्वयं मधुमक्खियों के रखे जाने वाले स्थान पर पहुंचे तथा मधुमक्खी पालन की गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने स्मॉल हाइव बीटल के प्रकोप से मधुमक्खी पालकों को हुए नुकसान का भी जायजा लिया।
विधायक ने बताया कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में मधुमक्खी पालन से जुड़े 29 परिवार पंजीकृत हैं। उन्होंने सभी मधुमक्खी पालकों को आश्वस्त किया कि उन्हें सरकारी योजनाओं एवं विभिन्न सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के स्तर पर सहायता उपलब्ध करवाने के साथ-साथ वह व्यक्तिगत स्तर पर भी मधुमक्खी पालकों की हरसंभव मदद करेंगे, ताकि इस व्यवसाय से जुड़े परिवारों को प्रोत्साहन मिले और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके। इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर, कोऑपरेटिव सोसायटी के गुलशन तथा मधुमक्खी पालक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

