home page

बच्चों की प्रतिभा निखारने में चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस की अहम भूमिका : केवल सिंह पठानिया

 | 
बच्चों की प्रतिभा निखारने में चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस की अहम भूमिका : केवल सिंह पठानिया


धर्मशाला, 16 अक्टूबर (हि.स.)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चढ़ी (शाहपुर) में दो दिवसीय 33वीं जिला स्तरीय हिमाचल प्रदेश चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस का शुभारंभ शुक्रवार को शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि किया। इस आयोजन में जिला कांगड़ा के विभिन्न विद्यालयों के करीब 450 विद्यार्थी भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

विधायक पठानिया ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा निखारने और उनमें वैज्ञानिक सोच विकसित करने में चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस की अहम भूमिका है। विज्ञान केवल प्रयोगशालाओं और किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारे दैनिक जीवन और प्राकृतिक वातावरण का अभिन्न हिस्सा है। पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जैव विविधता, जल संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, कचरा प्रबंधन और सतत विकास जैसे विषयों पर सीखने और शोध करने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने ऐसे आयोजनों में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की ज्यादा से ज्यादा सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि एटीसी शाहपुर विज्ञान, नवाचार और विद्यार्थियों की अन्य गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के विकास के लिए 10 लाख रुपये, चढ़ी खेल मैदान के लिए 10 लाख रुपये तथा कार्यक्रम के आयोजन के लिए 1 लाख रुपये देने की घोषणा की। एटीसी शाहपुर की प्रभारी एवं वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. सुनंदा पठानिया विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। स्थानीय स्कूल की प्रधानाचार्य ने मुख्यातिथि एवं अन्य आए हुए मेहमानों का कार्यक्रम में आने पर आभार जताया।

दो दिवसीय साइंस कांग्रेस के दौरान विद्यार्थी साइंस एक्टिविटी, साइंस इनोवेटिव मॉडल, क्विज, मैथ ओलंपियाड, साइंस स्किट और साइंस सर्वे रिपोर्ट जैसी विभिन्न गतिविधियों में भाग लेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया