home page

विधायक मलेंद्र राजन ने पशु औषधालय का किया उद्घाटन

 | 
विधायक मलेंद्र राजन ने पशु औषधालय का किया उद्घाटन


धर्मशाला, 24 नवंबर (हि.स.)। कांगड़ा जिला के इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में विधायक मलेंद्र राजन ने मंगलवार को 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित पशु औषधालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि विधायक बनने के बाद क्षेत्र में गंगथ और इंदौरा में सिविल अस्पतालों में डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ की कमी को दूर किया गया।

उन्होंने बताया कि जब उन्होंने विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व संभाला था, उस समय गंगथ अस्पताल में केवल एक डॉक्टर कार्यरत था, जबकि अब यहां छह डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं। गंगथ अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध करवाने की मांग भी सरकार को भेज दी गई है, ताकि क्षेत्र के लोगों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

मलेंद्र राजन ने कहा कि गंगथ से घेटा सड़क सहित विधानसभा क्षेत्र की छह अन्य सड़कों का शिलान्यास मुख्यमंत्री द्वारा किया गया था। लगभग 90 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इन सड़कों का उद्घाटन भी मुख्यमंत्री द्वारा जल्द किया जाएगा। इन सड़कों के तैयार होने से क्षेत्र में यातायात सुविधा बेहतर होगी तथा लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया