home page

विधायक कमलेश ठाकुर ने पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर

 | 
विधायक कमलेश ठाकुर ने पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर


धर्मशाला, 08 अप्रैल (हि.स.)। कांगड़ा जिला के देहरा वन मंडल के तत्वावधान में बुधवार को ग्राम पंचायत भटेड वासा में सामुदायिक संवाद एवं स्वयं सहायता समूह समन्वय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय विधायक कमलेश ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का गहन अवलोकन किया और स्थानीय महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की सराहना की। उन्होंने समूहों से जुड़ी महिलाओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करते हुए उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में और अधिक ऊर्जा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूहों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि मुख्य अतिथि को “ब्लैक जामिया स्नो व्हाइट” का पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया गया।

जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक ने पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की सर्वोपरि आवश्यकता बताया। उन्होंने जनसमूह से आह्वान किया कि जंगलों को बचाना और अधिक से अधिक पौधरोपण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं से जायका प्रोजेक्ट के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और उन्हें राजीव गांधी वन संवर्धन योजना, शिवा प्रोजेक्ट तथा केएफडब्ल्यू परियोजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं से जुड़कर अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के दौरान वन मित्रों ने लघु नाटिका के माध्यम से वृक्षारोपण का संदेश दिया और क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से फलदार पौधों का वितरण भी किया गया।

इसी कड़ी में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक कमलेश ठाकुर ने लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता, देहरा वृत्त के आवास का शिलान्यास किया। लगभग 87 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले इस आधुनिक टाईप -5 डुप्लेक्स आवास के निर्माण को उन्होंने क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक अहम कदम बताया।

दोपहर बाद विधायक ने रानीताल से लुनसू वाया कुठार सड़क के सुधारीकरण कार्य का भूमि पूजन किया और कहा कि इस सड़क निर्माण के लिए एनडीआरएफ के तहत 20 लाख रुपए की राशि व्यय की जाएगी, जिससे साथ लगते क्षेत्रों के सैकड़ो लोग लाभान्वित होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया