देहरा में तीन नई सड़कों का भूमि पूजन, 40 लाख रुपये होंगे खर्च
धर्मशाला, 15 मार्च (हि.स.)।
कांगड़ा जिला के देहरा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति प्रदान करते हुए विधायक कमलेश ठाकुर ने रविवार को क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों का दौरा कर लगभग 40 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाली तीन संपर्क सड़कों के निर्माण कार्यों का विधिवत भूमि पूजन किया।
उन्होंने पंचायत शेर लोहारा में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत हरिपुर दोसड़का से भिल्लू नाग मंदिर वाया सनियाला तक बनने वाले संपर्क मार्ग का भूमि पूजन किया। इस सड़क के निर्माण कार्य पर लगभग 20 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी। इस मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी तथा क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा गांव-गांव तक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देहरा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर गति से किए जा रहे हैं और क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुदृढ़ रूप से उपलब्ध करवाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं को क्रियान्वित किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त विधायक ने एनडीआरएफ के अंतर्गत द्रकाटा–त्रिपल से सधंलाहड सड़क के निर्माण कार्य का भी भूमि पूजन किया, जिस पर लगभग 10 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी। साथ ही ठठर से वाया त्रिपल सड़क के निर्माण कार्य के लिए भी 10 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी। इन सड़कों के निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को बल मिलेगा।
विधायक कमलेश ठाकुर ने कहा कि देहरा विधानसभा क्षेत्र का संतुलित एवं समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, पेयजल, बिजली तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि के भीतर तथा गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्रामीणों की विभिन्न समस्याएं भी सुनीं और उन्हें आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

