home page

आजादी के बाद पहली बार सड़क सुविधा से जुड़ा बैजनाथ का थाथी गांव

 | 
आजादी के बाद पहली बार सड़क सुविधा से जुड़ा बैजनाथ का थाथी गांव


धर्मशाला, 15 मार्च (हि.स.)। कांगड़ा जिला के विधानसभा क्षेत्र बैजनाथ के दूरदराज गांव थाथी आजादी के बाद पहली बार सड़क सुविधा से जुड़ गया। रविवार को स्थानीय विधायक किशोरी लाल ने इस गांव के लिए बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विधायक ने इस दौरान गांव के लिए निर्माणाधीन सड़क संपर्क मार्ग का निरीक्षण भी किया।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार थाथी गांव का सड़क संपर्क मार्ग से जुड़ना क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने गांववासियों को बधाई देते हुए कहा कि सड़क किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती है। सड़क सुविधा उपलब्ध होने से न केवल लोगों की आवाजाही आसान होती है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और अन्य विकासात्मक गतिविधियों को भी गति मिलती है। उन्होंने गांव वासियों को विश्वास दिलाया कि सड़क मार्ग को गांव तक विस्तारित किया जाएगा।

विधायक किशोरी लाल ने कहा कि इस संपर्क मार्ग के बनने से जहां गांव परिवहन व्यवस्था से जुड़ गया है वहीं आपातकालीन परिस्थितियों में भी लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब किसी के बीमार होने या अन्य आपात स्थिति में एम्बुलेंस तथा अन्य वाहन सीधे गांव तक पहुंच सकेंगे जिससे मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना संभव होगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार दूरदराज के क्षेत्रों तथा गांवों में रहने वाले लोगों को हर मूलभूत सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

विधायक बैजनाथ किशोरी लाल ने रविवार को मढेढ़ बस ठहराव पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बैजनाथ से नव दुर्गा माता मंदिर मढेढ़ तक चलने वाली नई बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। यह बस सेवा पहले मढेढ़ तक चलती थी जिसको अब ऊपरी मढेढ़ नव दुर्गा माता मंदिर तक चलाया गया है।

विधायक किशोरी लाल ने मढेढ़ मंदिर तक चलने वाली बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए कहा कि इस बस सेवा के आरंभ होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि नव दुर्गा माता मंदिर मढेढ़ क्षेत्र के लिए धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। बस सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी काफी सुविधा मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया