home page

हिमाचल के छह मेडिकल कॉलेजों में 320 पीजी सीटों की मंजूरी प्रदेश के लिए बड़ी सौगात : विपिन सिंह परमार

 | 
हिमाचल के छह मेडिकल कॉलेजों में 320 पीजी सीटों की मंजूरी प्रदेश के लिए बड़ी सौगात : विपिन सिंह परमार


धर्मशाला, 24 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सुलह विधानसभा क्षेत्र से विधायक विपिन सिंह परमार ने केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश के छह सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 320 नई स्नातकोत्तर (पीजी) मेडिकल सीटों को मंजूरी प्रदान करने तथा इसके लिए लगभग 415 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत करने के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का हिमाचल प्रदेश की जनता की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया।

विपिन सिंह परमार ने कहा कि यह निर्णय हिमाचल प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। केंद्र सरकार की इस पहल से प्रदेश के चिकित्सा स्नातकों को उच्च शिक्षा के अधिक अवसर प्राप्त होंगे तथा भविष्य में आम जनता को विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध करवाने में सहायता मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर निरंतर ध्यान दे रही है।

परमार ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय को प्राथमिकता देना और राज्य के प्रस्तावित सभी 320 पीजी मेडिकल सीटों को मंजूरी मिलना सराहनीय है। उन्होंने प्रदेश सरकार से भी आग्रह किया कि वह आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कर इस महत्वपूर्ण निर्णय का लाभ आम जनता तक पहुंचाना सुनिश्चित करे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया