home page

नगर निगम पालमपुर : राधा सूद लगातार दूसरी बार सर्वसम्मति से बनीं महापौर, नीलम मलिक चुनी गईं उपमहापौर

 | 
नगर निगम पालमपुर : राधा सूद लगातार दूसरी बार सर्वसम्मति से बनीं महापौर, नीलम मलिक चुनी गईं उपमहापौर


धर्मशाला, 29 जून (हि.स.)। नगर निगम पालमपुर परिसर में सोमवार को आयोजित शपथ समारोह के बाद महापौर और उप महापौर चुनाव में राधा सूद दूसरी बार लगातार महापौर चुनी गई। इसके अलावा नीलम मलिक महापौर चुनी गई। इसे पूर्व नगर निगम के लिए नवनिर्वाचित 15 पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। अतिरिक्त उपायुक्त कांगड़ा विनय कुमार ने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाई।

समारोह में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी बुटेल, पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल, नगर निगम आयुक्त नेत्री मेती, एसडीएम पालमपुर ओ.पी. यादव, डीएसपी सुनील राणा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने कहा कि शहरी निकाय लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं तथा शहरी विकास और जनकल्याण की दिशा तय करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पार्षद जनहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा क्षेत्र के समग्र विकास में सक्रिय योगदान देंगे।

शपथ ग्रहण करने वाले पार्षदों में अप्पर पालमपुर से राधा सूद, लोहना से इन्द्र पाल, पालमपुर खास से रणजीत कौर, आईमा से शैलजा चौहान, सुघर से रविन्द्र कुमार, घुग्गर खिलड़ू से कविता मिन्हास, बिंद्रावन से सविता राठौर, खलेट से रितेश ठाकुर, चौक से मीनू देवी, मारंडा से नीलम मलिक, राजपुर से किरना देवी, घुग्गर टांडा से ललित कुमार शर्मा, टांडा से अंचना, बनूरी से मोनिका शर्मा तथा होल्टा से राजकुमार शामिल रहे।

इसके उपरांत अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार की अध्यक्षता में महापौर एवं उपमहापौर का चुनाव संपन्न हुआ। महापौर पद के लिए राधा सूद को लगातार दूसरी बार सर्वसम्मति से चुना गया, जबकि उपमहापौर पद पर नीलम मलिक का भी सर्वसम्मति से निर्वाचन हुआ।

अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने नव-निर्वाचित महापौर एवं उपमहापौर को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया