home page

नगर निगम चुनाव : कांग्रेस ने धर्मशाला में सात वार्डों में उतारे प्रत्याशी

 | 
नगर निगम चुनाव : कांग्रेस ने धर्मशाला में सात वार्डों में उतारे प्रत्याशी


धर्मशाला, 28 अप्रैल (हि.स.)। धर्मशाला नगर निगम में 17 मई को होने वाले चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस पार्टी ने अपने अधिकृत उम्मीदवारों की पहली सूची मंगलवार को जारी कर दी है, जिसमें सात वार्डों के प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए हैं। नामांकन प्रक्रिया 29 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। गौर हो कि धर्मशाला नगर निगम के तहत कुल 17 वार्ड आते हैं, जिनमें इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प होने की उम्मीद है। कांग्रेस द्वारा जारी सूची में वार्ड नंबर 4 से महिला प्रत्याशी नीनू शर्मा को टिकट दिया गया है। वहीं अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित वार्ड नंबर 5 से शैलजा को उम्मीदवार बनाया गया है। वार्ड नंबर 6 से बबीता ओबरॉय को कांग्रेस ने मैदान में उतारा है।

इसके अलावा वार्ड नंबर 10 से सुदेश कुमार, वार्ड नंबर 11 से अनुराग, वार्ड नंबर 12 से स्वर्णा देवी और वार्ड नंबर 16 से बबीता शर्मा को पार्टी ने अपना प्रत्याशी घोषित किया है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस पार्टी ने यह सूची उन वार्डों में तैयार की है जहां प्राथमिक सहमति और संगठनात्मक तैयारी पहले से पूरी मानी जा रही थी। हालांकि अभी 17 में से केवल 7 वार्डों के ही उम्मीदवारों की घोषणा की गई है, जबकि बाकी वार्डों के लिए नामों पर मंथन जारी है और जल्द ही दूसरी सूची जारी होने की संभावना है। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पहले उम्मीदवारों के ऐलान के बाद राजनीतिक माहौल और अधिक गर्म हो गया है। सभी प्रत्याशी अब अपने-अपने वार्डों में जनसंपर्क अभियान तेज करने की तैयारी में जुट गए हैं।

36,728 मतदाता चुनेंगे 17 पार्षद

धर्मशाला नगर निगम के इन 17 वार्डों में 36,728 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। ऐसे में हर वार्ड का मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है और राजनीतिक दल पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया