‘रेड रन’ का संदेश लेकर दौड़ा धर्मशाला, सीएमओ ने दिखाई मैराथन को हरी झंडी
धर्मशाला, 16 सितंबर (हि.स.)। “जागरूक युवा, स्वस्थ समाज और भेदभाव-मुक्त भारत” के संदेश के साथ स्वास्थ्य विभाग, जिला कांगड़ा द्वारा बुधवार को हिमाचल प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी के दिशा-निर्देशों के तहत जोनल अस्पताल, धर्मशाला परिसर में यूथ फेस्ट मैराथन ‘रेड रन’ का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कांगड़ा पद्मश्री डॉ. ओमेश भारती ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया।
मैराथन में जिले के विभिन्न रेड रिबन क्लबों से 17 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने भाग लिया। इस मैराथन में केंद्रीय विश्वविद्यालय सहित विभिन्न महाविद्यालयों के युवाओं ने मैराथन में सक्रिय सहभागिता की।
प्रत्येक महाविद्यालय एवं संस्थान से चार पुरुष तथा चार महिला प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने एचआईवी/एड्स एवं टीबी के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए मैराथन के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, सामाजिक संवेदनशीलता और जनभागीदारी का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कांगड़ा पद्मश्री डॉ. ओमेश भारती ने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान में सामाजिक परिवर्तन के महत्वपूर्ण वाहक हैं। उन्होंने युवाओं से एचआईवी/एड्स एवं टीबी के प्रति सही एवं प्रमाणित जानकारी प्राप्त कर उसे समाज तक पहुंचाने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा इन रोगों से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
ये रहे मैराथन महिला वर्ग के विजेता
राजकीय महाविद्यालय, धर्मशाला की यशस्वी प्रथम, अवस्थी कॉलेज ऑफ एजुकेशन, धर्मशाला की किरण द्वितीय तथा इसी कॉलेज की मीनाक्षी तृतीय स्थान पर रही।
पुरुष वर्ग के विजेता
राजकीय महाविद्यालय, धर्मशाला के अंश कोमल प्रथम, राजकीय डिग्री कॉलेज, मुल्थान के मनोज कुमार दूसरे तथा राजकीय महाविद्यालय, धर्मशाला के आलोक यादव तीसरे स्थान पर रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

