home page

मनकोटिया का मुख्यमंत्री सुक्खू पर वार

 | 

धर्मशाला, 23 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश भाजपा के विशेष सदस्य एवं पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को नकारा मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश में कांग्रेस की वह दुर्दशा बना दी है जो इस राज्य के इतिहास में कभी नही थी। उन्होंने शनिवार को जारी एक प्रेस बयान में कहा कि सुक्खू एक नाकामयाब मुख्यमंत्री हैं जिनमें न योग्यता है, न शासन-प्रशासन पर पकड़ और न ही जनता का इन पर विश्वास है। इसके साथ ही पार्टी में इनके खिलाफ घोर बगावत और विद्रोह पनपा पड़ा है।

मनकोटिया ने कहा कि सरकार आई.सी.यू. में और मुख्यमंत्री वेंटिलेटर पर। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाया कि उन्होंने धोखा देकर छल और कपट से सरकार बनाई और हिमाचल का बेड़ागर्क कर दिया। प्रदेश को 80 हजार करोड़ से ज्यादा के कर्जे में डूबो दिया है। महज डेढ़ वर्ष में ही 12 हजार करोड़ का कर्जा यह सरकार ले चुकी है तथा प्रदेश को दिवालिये की कगार पर खड़ा कर दिया है।

उन्होंने कहा कि इस वर्तमान स्थिति का असली दोषी कोई है तो वह प्रियंका गांधी वाड्रा है जिन्होंने चुनाव के दौरान हिमाचल में कांग्रेस पार्टी की ओर से झूठी गारंटियां दी और यहां की भोली भाली जनता को गुमराह किया। उन्होंने कहा कि पहले पंजाब में सिद्धू को नेतृत्व देकर कांग्रेस का सर्वनाश करवाया और अब हिमाचल में सुक्खू के हाथों बाग-डोर देकर हिमाचल की नाव डूबोई। उत्तर प्रदेश में बीते विधान सभा चुनाव में इसी के नेतृत्व में कांग्रेस का चुनाव हुआ, 403 विधान सभा सीटों में कुल दो सीटें कांग्रेस के पल्ले आई। राज्य सभा चुनाव के लिये एक दागी गैर हिमाचली को कांग्रेस का प्रत्याशी बनाकर हिमाचलियों का निरादर किया। यही कांग्रेसी बगावत के बाद अब एक दूसरे की ठग बोलने लगे हंै। इनकी काली करतूतों से और लूट मार से हम भली भांती परिचित हैं।

उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार ने जिस तरह से प्रदेश की वित्तीय स्थिति को खस्ताहाल किया है उसके चलते वित्तीय एमर्जेंसी लगाकर इन्हें बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगाकर दोबारा चुनाव करवाया जाना चाहिए। उनहोंने कहा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ही हिमाचल को एक आदर्श राज्य के रूप में निखार सकते हैं और देश को अगले पांच वर्षों में और भी बुलंदियों पर ले जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र

/सुनील