home page

कांगड़ा में 3,499 श्रमिक लाभार्थियों को मिली 10.85 करोड़ की वित्तीय सहायता : नरदेव कंवर

 | 
कांगड़ा में 3,499 श्रमिक लाभार्थियों को मिली 10.85 करोड़ की वित्तीय सहायता : नरदेव कंवर


धर्मशाला, 15 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से जिला कांगड़ा में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों तथा उनके परिवारों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। इन योजनाओं का उद्देश्य निर्माण श्रमिक परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है।

मंगलवार को जारी एक प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों के दौरान जिला कांगड़ा में बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 3,499 लाभार्थियों को कुल 10 करोड़ 85 लाख 17 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। वहीं, इस वर्ष 15 अगस्त, 2026 तक 718 लाभार्थियों को 2 करोड़ 82 लाख 43 हजार रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत की गई है।

उन्होंने बताया कि जिला के विधानसभा क्षेत्र बैजनाथ में 29 श्रमिकों को 16 लाख 76 हजार रुपये, देहरा में 19 श्रमिकों को 5 लाख 75 हजार रुपये, धर्मशाला में 106 श्रमिकों को 36 लाख 79 हजार रुपये तथा जयसिंहपुर में 20 श्रमिकों को 7 लाख 3 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है।

इसी प्रकार कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में 146 लाभार्थियों को 60 लाख 34 हजार रुपये, नगरोटा में 132 लाभार्थियों को 66 लाख 30 हजार रुपये, पालमपुर में 50 लाभार्थियों को 16 लाख 58 हजार रुपये तथा शाहपुर में 63 लाभार्थियों को 19 लाख 30 हजार रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत हुई है जबकि सुलह में 72 लाभार्थियों को 22 लाख 62 हजार रुपये, फतेहपुर में 6 लाभार्थियों को 1 लाख 97 हजार रुपये, जवाली में 27 लाभार्थियों को 8 लाख 78 हजार रुपये, जसवां-प्रागपुर में 13 लाभार्थियों को 5 लाख 42 हजार रुपये तथा ज्वालामुखी में 12 लाभार्थियों को 2 लाख 71 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई है।

इसके अतिरिक्त नूरपुर में 21 लाभार्थियों को 11 लाख 77 हजार रुपये तथा अन्य श्रेणी में 2 लाभार्थियों को 25 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है। इस प्रकार कुल 718 लाभार्थियों को 2 करोड़ 82 लाख 43 हजार रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया