स्वर्गीय किशन कपूर की 75वीं जयंती पर होगा निःशुल्क चिकित्सा एवं रक्तदान शिविर का आयोजन
धर्मशाला, 24 जून (हि.स.)। पूर्व सांसद और मंत्री रहे स्वर्गीय किशन कपूर की 75वीं जयंती के अवसर पर वीरवार को निःशुल्क चिकित्सा एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर जरूरतमंद एवं दिव्यांगजनों को निःशुल्क व्हीलचेयर एवं हियरिंग एड्स भी वितरित किए जाएंगे। शिविर का आयोजन उनके निवास डादनू धर्मशाला में सुबह 10 बजे से होगा।
किशन कपूर के सुपुत्र एवं भाजपा नेता शाश्वत कपूर ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर्गीय किशन कपूर को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ होगा। इसके बाद प्रातः 11 बजे से दोपहर एक बजे तक निःशुल्क चिकित्सा एवं रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। दोपहर एक बजे जरूरतमंद परिवारों को व्हीलचेयर एवं हियरिंग एड्स का निःशुल्क वितरण किया जाएगा।
इस आयोजन में हड्डी एवं जोड़ रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, शिशु रोग तथा सामान्य चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं दवाइयों का वितरण भी किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

