home page

केंद्रीय मंत्री से मिले विधायक केवल पठानिया, शाहपुर में एफसीआई स्टील साइलो खोलने की उठाई मांग

 | 
केंद्रीय मंत्री से मिले विधायक केवल पठानिया, शाहपुर में एफसीआई स्टील साइलो खोलने की उठाई मांग


धर्मशाला, 11 अगस्त (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया इन दिनों दिल्ली दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान से मुलाकात कर शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में गेहूं एवं चावल के भंडारण के लिए भारतीय खाद्य निगम के आधुनिक स्टील साइलो खोलने की मांग रखी।

विधायक केवल सिंह पठानिया ने केंद्रीय मंत्री को सौंपे पत्र में कहा कि शाहपुर में आधुनिक वैज्ञानिक भंडारण सुविधा स्थापित होने से किसानों तथा खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को बड़ा लाभ मिलेगा। स्टील साइलो के माध्यम से अनाज का बेहतर एवं सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित होने के साथ फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान को भी कम किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि एफसीआई द्वारा पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश जैसे प्रमुख कृषि उत्पादक राज्यों में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत अत्याधुनिक स्टील साइलो स्थापित किए गए हैं। इसी तर्ज पर शाहपुर में भी यह सुविधा उपलब्ध करवाना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम होगा।

पठानिया ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि हिमाचल प्रदेश में ऊना में आलू प्रसंस्करण केंद्र, नादौन में स्पाइस पार्क तथा कांगड़ा में किन्नू प्रसंस्करण केंद्र जैसे प्रोजेक्ट भी विचाराधीन हैं। ऐसे में शाहपुर में एफसीआई साइलो की स्थापना खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े इन प्रयासों को और गति प्रदान कर सकती है।

विधायक ने केंद्रीय मंत्री से जनहित में शाहपुर में गेहूं और चावल के लिए एफसीआई स्टील साइलो खोलने को स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन, भंडारण एवं प्रसंस्करण को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को भी बेहतर बाजार व्यवस्था उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया