डीएलएड कॉमन एंट्रेंस टेस्ट 17 जून को, 1480 अभ्यर्थियों के आवेदन रद्द
धर्मशाला, 23 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-2028 के दो वर्षीय डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) कोर्स में प्रवेश हेतु कॉमन एंट्रेंस टेस्ट-2026 का आयोजन 17 जून 2026 को प्रदेशभर में स्थापित विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया जा रहा है। इस परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 4 अप्रैल 2026 से 29 अप्रैल 2026 तक पूर्ण की गई थी।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रवेश परीक्षा के लिए निर्धारित शुल्क के साथ कुल 9,984 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं दूसरी ओर अपूर्ण आवेदनों, जैसे- फीस जमा न होने या आवश्यक जानकारी न भरने के कारण 1,480 परीक्षार्थियों के आवेदन पत्र निरस्त कर दिए गए हैं। अस्वीकृत किए गए आवेदकों की विस्तृत सूची बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दी गई है।
डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने निर्धारित अवधि के भीतर अपना देय शुल्क जमा करवा दिया था, लेकिन फिर भी उनका नाम इस रिजेक्शन लिस्ट में शामिल है, वे फीस जमा करने से संबंधित अपने वैध दस्तावेज/प्रमाण पत्र 27 मई 2026 तक बोर्ड कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से प्रस्तुत कर सकते हैं, ताकि वे रोल नंबर प्राप्त करने के पात्र बन सकें। इस तिथि के उपरांत इस संबंध में किसी भी आवेदन या अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा।
बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि परीक्षा एवं आवेदन से जुड़ी अन्य किसी भी प्रकार की विस्तृत जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस पर बोर्ड कार्यालय के दूरभाष नंबर 01892-242192 पर संपर्क कर सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

