home page

खनियारा का ऐतिहासिक इंद्रु नाग छिंज मेला 27 मार्च से

 | 
खनियारा का ऐतिहासिक इंद्रु नाग छिंज मेला 27 मार्च से


धर्मशाला, 15 मार्च (हि.स.)। धर्मशाला के साथ लगते खनियारा का ऐतिहासिक छिंज मेला 27 मार्च से लेकर 30 मार्च तक आयोजित होगा। मेले की तैयारियां अंतिम चरण में चल रही है। मेले में आने वाले विभिन्न राज्यों के पहलवानों को लाखों रुपये के आकर्षक नकद ईनाम प्रदान किए जाएंगे। मैदान में 20 मार्च को मार्किंग का काम शुरू होगा और 22 मार्च से मैदान में मेला दुकान के लिए प्लाट दिए जाएंगे। श्री इंद्रु नाग मेला कमेटी की बैठक कैप्टन ईश्वर दास की अध्यक्षता में रविवार को हुई। जिसमें मेले की बेहतरी के लिए महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।

मेला कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष व मीडिया प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि छिंज मेले की तैयारियां चल रही है। मेले में दुकान पहले आओ पहले पाओ के आधार पर मिलेगी। कोई भी दुकानदार अपना प्लाट सबलेट करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दुकानदार को मेले में स्वच्छता का ध्यान रखना होगा। अपने कूड़े कचरे को यहां वहां या रास्ते में फैलाने के बजाए अपनी बोरी व डस्टबीन लगाकर कचरा उसमें एकत्र करना होगा। उन्होंने बताया कि मेला नशा मुक्त घोषित है, बीते सात सालों से मेले में नशे पर रोक लगाई गई है। अगर मेले के भीतर कोई दुकानदार शराब व अन्य नशा पदार्थ बेचता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई पुलिस से करवाई जाएगी और उसे पुलिस के हवाले किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मेले में 27 मार्च को नाग मंदिर में पूजा अर्चना के बाद खेलपात्र होगा और झंडे की रस्म के साथ मेला शुरू होगा। 28 मार्च को नाग देवता की छड़ी यात्रा भव्य झांकियों के साथ पटोला मैदान पहुंचेगी और दंगल आयोजित होगा। 29 मार्च को कुश्ती आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि 28 मार्च व 29 मार्च को कुश्ती के लिए आने वाले पहलवानों को 12 बजे पहुंच कर अपना पंजीकरण करवाना होगा। यह पंजीकरण दोपहर 2 बजे तक चलता रहेगा। इसके बाद आने वाले पहलवानों को प्रतियोगिता में भाग लेने की इजाजत नहीं होगी। बड़ी माली के रूप में विजेता को 51 हजार रुपये, उपविजेता को 41 हजार रुपये दिए जाएंगे। जबकि छोटी माली में विजेता को 15 हजार रुपये व उप विजेता को 10 हजार रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बैठक में पिछले साल गठित उपकमेटियों में मामूली फेरबदल किया गया है। सभी उपकमेटियों के प्रभारियों को जिम्मेदारी दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया