home page

कांगड़ा में अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, सात आरोपी गिरफ्तार

 | 

धर्मशाला, 09 नवंबर (हि.स.)।

त्योहारी सीजन के बीच जिला कांगड़ा में अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने पंजाब से शराब लाकर स्थानीय स्तर पर उसकी लेबलिंग करने और उसमें मिलावट की आशंका से जुड़े दो बड़े मामलों का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। जिला में इस वर्ष अब तक अवैध शराब से जुड़े 334 मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि अक्टूबर माह में ही अवैध शराब के 35 मामले सामने आए हैं। इनमें भवारना और पंचरुखी थाना क्षेत्रों के दो मामले गंभीर प्रकृति के हैं। जांच में सामने आया कि पंजाब से शराब लाकर स्थानीय स्तर पर उसकी लेबलिंग की जा रही थी। शराब में मिलावट किए जाने का भी अंदेशा है। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस वर्ष अब तक कार्रवाई के दौरान 95 लाख 22 हजार 50 मिलीलीटर देसी शराब, 21 हजार मिलीलीटर अवैध शराब और 9 लाख 44 हजार 250 मिलीलीटर बीयर जब्त की है। पुलिस अवैध शराब की बिक्री और दूसरे राज्यों से शराब लाकर स्थानीय स्तर पर उसकी पैकेजिंग व लेबलिंग करने वाले नेटवर्क पर लगातार नजर रख रही है।

ग्रामीण स्तर पर शराब बनाने के मामले घटे

एसपी ने बताया कि पहले ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ लोग अपने स्तर पर शराब तैयार कर उसकी बिक्री करते थे, लेकिन अब ऐसे मामलों में कमी आई है। वर्तमान में अधिकतर मामले बिना लाइसेंस और अनुमति के देसी शराब बेचने से जुड़े सामने आ रहे हैं। पुलिस ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया