अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई, 8 वाहन जब्त
धर्मशाला, 08 मई (हि.स.)। जिला पुलिस नूरपुर द्वारा अवैध खनन को रोकने के लिए पिछले 24 घंटों के दौरान विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में माइनिंग एक्ट के नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 8 वाहनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है।
पहले मामले में थाना इंदौरा के तहत पुलिस टीम द्वारा चेकिंग के दौरान 3 मल्टी एक्सल ट्रक और एक ट्रैक्टर के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
वहीं थाना डमटाल के तहत एक मल्टी एक्सल ट्रक और एक ट्रैक्टर को अवैध माइनिंग गतिविधियों के तहत कार्रवाई की गई।
वहीं थाना नूरपुर के तहत चेकिंग के दौरान नियमों की अवहेलना करने पर एक जेसीबी व एक ट्रैक्टर के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
नियमों के तहत पकड़े गए सभी ट्रैक्टरों का मौके पर ही चालान किया गया है। वहीं दूसरी ओर अवैध खनन में शामिल सभी मल्टी एक्सल ट्रकों व जेसीबी को पुलिस द्वारा जब्त किया गया है और इन वाहनों को आगामी कानूनी कार्रवाई हेतु अदालत भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

