फतेहपुर में अवैध खनन करते हुए पोकलेन सहित 9 वाहन जब्त
धर्मशाला, 07 जुलाई (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना फतेहपुर पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 9 मशीनरी को जब्त कर कानूनी कार्रवाई की है। प्रथम कार्रवाई में रेय पत्तन क्षेत्र में अवैध खनन करते हुए एक पोकलेन, एक जेसीबी एवं 5 मल्टी एक्सल ट्रक पकड़े गए। इस संबंध में थाना फतेहपुर में सुशील कुमार निवासी जिला होशियारपुर (पंजाब) एवं अन्य के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। सभी 7 मशीनरी इंपाउंड कर लिए गए हैं तथा मामले की जांच जारी है।
दूसरी कार्रवाई में जखाड़ा क्षेत्र में गश्त के दौरान नदी में अवैध खनन करते एक जेसीबी एवं एक टिप्पर पकड़े गए। दोनों वाहनों/मशीनरी को माइनिंग एक्ट के तहत चालान कर इंपाउंड किया गया है तथा चालान ज्वाली की अदालत में भेजे गए हैं।
एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि नूरपुर पुलिस क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों और खनन माफिया के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

