home page

नूरपुर में अवैध खनन में शामिल 10 वाहनों के चालान

 | 
नूरपुर में अवैध खनन में शामिल 10 वाहनों के चालान


धर्मशाला, 05 जून (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन को रोकने के लिए निरंतर विशेष चेकिंग की जा रही है। इसी के अंतर्गत पुलिस टीमों ने विभिन्न सीमावर्ती खड्डों और संवेदनशील मंड क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 10 वाहनों के खिलाफ माइनिंग एक्ट के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई है।

पुलिस जिला नूरपुर के तहत थाना इंदौरा व पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा की संयुक्त टीम ने काठगढ़, उलेहड़ियां, ठाकुरद्वारा और मंड मियानी आदि क्षेत्रों में गश्त के दौरान अवैध खनन में संलिप्त एक जे.सी.बी. मशीन, 2 मल्टी-एक्सल ट्रकों और 5 ट्रैक्टरों के चालान किए।

वहीं थाना डमटाल व पुलिस चौकी ढांगूपीर की टीम ने चेकिंग के दौरान अवैध खनिज परिवहन में शामिल एक मल्टी एक्सल ट्रक और एक ट्रैक्टर को माइनिंग एक्ट के तहत पकड़ा है।

नियमों के अनुसार कार्रवाई करते हुए सभी 6 ट्रैक्टरों का मौके पर ही चालान कर विभागीय नियमानुसार जुर्माना वसूल किया गया। तीनों मल्टी-एक्सल ट्रकों और एक जे.सी.बी. को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई हेतु अदालत को भेज दिया है।

एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानून के तहत सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिन-रात औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और अवैध खनन के खिलाफ यह ल कानूनी कार्यवाही भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया