अवैध खनन के खिलाफ नूरपुर पुलिस ने की कार्रवाई, पोकलेन सहित 8 वाहन जब्त
धर्मशाला, 20 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले 24 घंटों में विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस टीमों ने इन्दौरा, रे और नूरपुर की खड्डों व मुख्य मार्गों पर अवैध खनन को अंजाम दे रहे मशीनरी और वाहनों के चालान कर उन्हें जब्त किया गया है। इस विशेष अभियान के दौरान कुल 8 चालान किए गए और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को जब्त/चालानित किया गया।
पहले मामले में पुलिस थाना इन्दौरा की टीम द्वारा इन्दौरा खड्ड क्षेत्र में 3 ट्रैक्टरों के चालान किए गए। इसके अतिरिक्त, तांडा मोड़ से एक टिप्पर और ब्यास खड्ड से एक पोकलेन मशीन को अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर जब्त कर अदालत के सुपुर्द किया गया।
वहीं पुलिस थाना नूरपुर की टीम ने नूरपुर बाजार क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान एक ट्रैक्टर का माइनिंग एक्ट के तहत चालान किया।
पुलिस चौकी रे मंड रैतपुर क्षेत्र में भी दबिश के दौरान भी ट्रैक्टर का माइनिंग एक्ट के तहत चालान काटा गया।
उधर खनन नियमों के साथ-साथ यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर भी पुलिस ने शिकंजा कसा है। अभियान के दौरान उन ट्रैक्टरों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान जारी किए गए, जो बिना नंबर प्लेट के सड़क पर चल रहे थे।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस जिला नूरपुर द्वारा अवैध खनन, ओवरलोडिंग और बिना अनुमति सामग्री के परिवहन को रोकने के लिए यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

