home page

एचआरटीसी के अनुबंध कर्मचारियों के नियमितीकरण के आदेश अटके, सुस्त कार्यप्रणाली से कर्मचारियों में भारी रोष

 | 

धर्मशाला, 14 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) में दो वर्षों से सेवाएं दे रहे सैंकड़ों अनुबंध कर्मचारियों का इंतजार खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। आधा अक्टूबर बीत जाने के बावजूद निगम प्रबंधन ने अभी तक पात्र अनुबंध कर्मचारियों के नियमितीकरण के आदेश जारी नहीं किए हैं। प्रदेश के लगभग सभी प्रमुख सरकारी विभागों और बोर्डों में पात्र कर्मचारियों को नियमित करने की अधिसूचनाएं जारी की जा चुकी हैं, लेकिन परिवहन निगम के कर्मचारियों को अब तक केवल तारीखें और आश्वासन ही मिले हैं।

मुख्यमंत्री के रुख और कोर्ट के आदेशों की भी अनदेखी

कर्मचारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए जाने और न्यायालय के आदेशों के बावजूद निगम प्रबंधन इस मामले में लगातार हीलाहवाली कर रहा है। अनुबंध काल पूरा कर चुके चालक, परिचालक और तकनीकी वर्ग के कर्मी लंबे समय से नियमितीकरण की राह देख रहे हैं। अन्य विभागों में पदोन्नति और नियमितीकरण के आदेश लागू होने के बाद एचआरटीसी कर्मियों में उपेक्षा का भाव गहरा रहा है।

कर्मचारियों का यह भी तर्क है कि नियमितीकरण के आदेशों में हो रही देरी सीधे तौर पर उनके वित्तीय लाभ और वरिष्ठता (सीनियरिटी) को प्रभावित कर रही है। अनुबंध पर काम कर रहे कर्मचारी कम मानदेय पर दिन-रात दुर्गम और लंबे रूटों पर सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में तय समय सीमा के भीतर नियमित न किए जाने से कर्मचारियों का मनोबल गिर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया