home page

केंद्रीय विश्वविद्यालय की बड़ी उपलब्धि : वैश्विक रैंकिंग की हासिल

 | 
केंद्रीय विश्वविद्यालय की बड़ी उपलब्धि : वैश्विक रैंकिंग की हासिल


धर्मशाला, 05 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएचपी) ने टाइम्स हायर एजुकेशन वर्ल्ड विश्वविद्यालय रैंकिंग-2027 में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। एचपीसीयू को दुनिया के 701-800 विश्वविद्यालयों के बैंड में जगह मिली है। भारत में यह 17वें स्थान पर है तथा नवनिर्मित केंद्रीय विश्वविद्यालयों की श्रेणी में देश में पहले नंबर पर है।

सीमित संसाधनों के बावजूद शोध गुणवत्ता में यह देश के 56 केंद्रीय विश्वविद्यालयों में तीसरे स्थान पर है। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि सीयूएचपी जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय और पंजाब विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के बराबर बैंड में है। आईआईटी मंडी और रोपड़ जैसे संस्थान इससे पीछे रहे हैं। राज्य स्तर पर भी सीयूएचपी हिमाचल प्रदेश के सरकारी उच्च शिक्षण संस्थानों में पहले स्थान पर है। यह सफलता विश्वविद्यालय को हाल ही में 'ए प्लस' ग्रेड मिलने के बाद मिली है। यानी राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता के बाद अब अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में भी विश्वविद्यालय की मौजूदगी दर्ज हुई है। इससे हिमाचल में उच्च शिक्षा, शोध और विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय की अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत होने की उम्मीद है।

उधर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस.पी. बंसल ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि विश्व के शीर्ष 700 और भारत में 17वें स्थान पर पहुंचना सीयूएचपी और पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि पहले राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद से 'ए प्लस' ग्रेड और अब अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग विश्वविद्यालय के संकाय, शोधार्थियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया