home page

हिमाचल का 48 विद्यार्थियों का दल पुडुचेरी के लिए रवाना

 | 
हिमाचल का 48 विद्यार्थियों का दल पुडुचेरी के लिए रवाना


धर्मशाला, 05 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय तथा शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल के अंतर्गत आयोजित ‘युवा संगम–चरण 6’ कार्यक्रम में दूसरी बार सहभागिता कर रहा है। इसी के तहत हिमाचल प्रदेश के विभिन्न संस्थानों के 48 शिक्षार्थी शुक्रवार को प्रदेश के विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों और समन्वयकों के दल को कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने रवाना किया। इससे पहले उन्होंने पुडुचेरी जाने वाले विद्यार्थियों के दल से बातचीत की। इस दौरान पुडुचेरी से आए विद्यार्थियों के भ्रमण के दौरान बनाई गई ड्राक्यूमेंट्री भी दिखाई गई।

‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल का उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बीच सांस्कृतिक संवाद, पारस्परिक समझ तथा राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को भारत की विविध सांस्कृतिक परंपराओं, भाषाओं, भौगोलिक विशेषताओं तथा विकास मॉडलों को समझने का अवसर प्रदान किया जाता है।

इस संबंध में कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने बताया कि युवा संगम कार्यक्रम की शुरुआत वर्ष 2023 में शिक्षा मंत्रालय द्वारा की गई थी। यह एक महत्वपूर्ण युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम है जिसका उद्देश्य देश के युवाओं के बीच अनुभवात्मक अधिगम तथा जन-से-जन संपर्क को बढ़ावा देना है। इसके अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को लगभग 10 दिनों के शैक्षिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण का अवसर दिया जाता है।

केंद्रीय विश्वविद्यालय को दूसरी बार हिमाचल की मेजबानी करने का अवसर मिल रहा है। यह कार्यक्रम ‘5पी’ के पांच प्रमुख आयामों पर आधारित है जिनमें पर्यटन–परंपरा–प्रगति–प्रौद्योगिकी-पारस्परिक संपर्क शामिल है। युवा संगम के चरण 6 में हिमाचल की जोड़ी पुडुचेरी के साथ बनाई गई है। इस चरण में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से 48 विद्यार्थियों का चयन किया गया। हिमाचल प्रदेश के विभिन्न संस्थानों के स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पीएचडी स्तर के विद्यार्थियों से 1000 से अधिक पंजीकरण प्राप्त हुए थे। इस बार विद्यार्थियों के साथ प्रो. शिवराम राव, डा. भरत सिंह, डा. रुचि शर्मा और जनसंपर्क अधिकारी डा. पूजा अवस्थी जा रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया