home page

रूस के साथ अकादमिक और सांस्कृतिक रिश्ते मजबूत करेगा सीयू, रूसी प्रतिनिधियों के साथ हुई कुलपति की बैठक

 | 
रूस के साथ अकादमिक और सांस्कृतिक रिश्ते मजबूत करेगा सीयू, रूसी प्रतिनिधियों के साथ हुई कुलपति की बैठक


धर्मशाला, 19 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय भारत और रूस के बीच शैक्षणिक, शोध, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करने जा रहा है। विश्वविद्यालय रूसी विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों के साथ व्यापक सहयोग की संभावनाएं तलाश रहा है, जिसमें संयुक्त शोध, रूसी भाषा एवं संस्कृति, छात्र-शिक्षक आदान-प्रदान, अल्पकालिक शैक्षणिक कार्यक्रम, पर्यटन संवर्धन और आपदा प्रबंधन प्रमुख क्षेत्र होंगे। इसी दिशा में केंद्रीय विश्वविद्यालय में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस.पी. बंसल, भारत में रॉस्ट्रूडनिचेस्टवो के रूसी प्रतिनिधि कार्यालय की प्रमुख डॉ. एलेना रेमिज़ोवा तथा संगठन की युवा मामलों की मुख्य समन्वयक अनास्तासिया इल्यूशिना ने भाग लिया।

बैठक में कुलपति के सचिव प्रो. सुमन शर्मा, प्रो. इंदर ठाकुर तथा राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला से डॉ. अमित कटोच भी उपस्थित रहे। बैठक में भारत और रूस के बीच उच्च शिक्षा एवं सांस्कृतिक संपर्क को व्यापक बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

विश्वविद्यालय में रूसी भाषा एवं संस्कृति केंद्र स्थापित करने की तैयारी

बैठक में सीयू में रूसी भाषा एवं संस्कृति केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव विशेष रूप से चर्चा में रहा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को रूसी भाषा सीखने के साथ-साथ रूस के साहित्य, इतिहास, कला, संस्कृति और सामाजिक परंपराओं से परिचित कराना होगा। केंद्र के माध्यम से रूसी भाषा के पाठ्यक्रमों के अलावा व्याख्यान, कार्यशालाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषा प्रशिक्षण, शैक्षणिक संवाद तथा भारत-रूस युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं। इससे सीयूएचपी के विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय भाषा एवं सांस्कृतिक अनुभव प्राप्त करने के नए अवसर मिलेंगे।

विश्वविद्यालय पहले से ही चीनी और तिब्बती अध्ययन जैसे क्षेत्रों में अकादमिक गतिविधियां संचालित कर रहा है और अब विदेशी भाषाओं तथा अंतरराष्ट्रीय अध्ययन के दायरे को और व्यापक बनाने पर जोर दे रहा है।

रूसी विश्वविद्यालयों का दौरा कर सकते हैं प्रो. बंसल

प्रस्तावित सहयोग को संस्थागत रूप देने की दिशा में कुलपति प्रो. एस.पी. बंसल के आगामी समय में रूस के कुछ विश्वविद्यालयों का दौरा करने की संभावना है। संभावित दौरे के दौरान रूसी विश्वविद्यालयों के साथ प्रत्यक्ष संवाद कर संयुक्त शोध, भाषा एवं संस्कृति केंद्र, छात्र आदान-प्रदान, अल्पकालिक पाठ्यक्रम और पर्यटन शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की जा सकती है।

कुलपति ने विश्वविद्यालय में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के सहयोग से प्रस्तावित बहु-करोड़ टेलीस्कोप परियोजना का भी उल्लेख किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया