सीयू सलाहकार समिति की बैठक, देहरा में केंद्रीय पुस्तकालय की स्थापना पर मंथन
धर्मशाला, 15 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय पुस्तकालय सलाहकार समिति की बैठक बुधवार को आयोजित की गई। बैठक में एजेंडा बिंदुओं के अंतर्गत उपलब्धियों तथा चल रही परियोजनाओं की संक्षिप्त जानकारी प्रस्तुत की गई, जिसमें देहरा स्थित विश्वविद्यालय के नव-निर्मित स्थायी परिसर में केंद्रीय पुस्तकालय की स्थापना भी शामिल है।
बैठक विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। अन्य एजेंडा बिंदुओं में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए मुद्रित एवं डिजिटल सामग्री की खरीद संबंधी जानकारी, आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बजट आवंटन, पुस्तकालय एवं सूचना सेवाओं में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के अनुप्रयोग, अनुसंधान एवं नैतिकता नीतियों पर चर्चा तथा पुस्तकालय में कर्मचारियों की व्यवस्था से संबंधित विषय शामिल रहे। विश्वविद्यालय पुस्तकालय सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. सत प्रकाश बंसल ने सदस्यों को पुस्तकालय से संबंधित विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विषयों पर विचार-विमर्श हेतु आमंत्रित किया।
कुलपति प्रो. बंसल एवं समिति के सदस्यों ने अनुसंधान-उन्मुख विश्वविद्यालय प्रणाली में एक गतिशील एवं सशक्त पुस्तकालय तथा सूचना सेवाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय में अनुसंधान परिणामों, नवीन पद्धतियों तथा विकासात्मक वातावरण को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए ‘टीम लाइब्रेरी’ द्वारा किए जा रहे प्रयासों एवं पहलों की सराहना की। बैठक में विश्वविद्यालय लाइब्रेरियन डॉ. विक्रम शर्मा ने कुलपति और अन्य प्रमुख पदाधिकारियों तथा समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने यह संकल्प भी दोहराया कि ‘टीम लाइब्रेरी’ गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने तथा उत्कृष्टता के मानकों को और ऊंचा उठाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

