home page

स्वास्थ्य क्विज : धर्मशाला में शुक्रवार को होगी जिला स्तरीय प्रतियोगिता

 | 

धर्मशाला, 17 सितंबर (हि.स.)। युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग और हिमाचल प्रदेश एड्स नियंत्रण सोसायटी की ओर से कल शुक्रवार को धर्मशाला में जिला स्तरीय स्वास्थ्य क्विज प्रतियोगिता करवाई जाएगी। प्रतियोगिता में कांगड़ा जिले के चयनित स्कूलों के विद्यार्थी भाग लेंगे। जिला एड्स कार्यक्रम अधिकारी एवं जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. आरके सूद ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य संबंधी जानकारी बढ़ाने के साथ उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास को मंच प्रदान करना है। इस बार अभियान में कॉलेजों के साथ स्कूलों को भी विशेष रूप से जोड़ा गया है, ताकि स्कूली स्तर से ही विद्यार्थियों को नशे और स्वास्थ्य से जुड़े गंभीर विषयों के प्रति जागरूक किया जा सके।

उन्होंने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग की ओर से कांगड़ा जिले के 10 स्कूलों का चयन प्रतियोगिता के लिए किया गया है। दूरदराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों का चयन किया गया है। प्रतियोगिता में तीन से चार चरण होंगे। इसमें सामान्य ज्ञान और दैनिक जीवन से जुड़े स्वास्थ्य विषयों पर सवाल पूछे जाएंगे। क्विज में नशा मुक्ति, एचआईवी, क्षय रोग, मानव शरीर की सामान्य कार्यप्रणाली और रक्तदान समेत अन्य स्वास्थ्य विषयों से संबंधित प्रश्न शामिल रहेंगे। जिला स्तर पर विजेता रहने वाली टीमों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विजेताओं को पुरस्कार के साथ राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने और अनुभव हासिल करने का अवसर भी मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया