कांगड़ा फोरलेन पर बढ़ेंगे सुरक्षा इंतजाम, कछियारी में लागू होगा दो मिनट का होल्डिंग पॉइंट
धर्मशाला, 27 नवंबर (हि.स.)। कांगड़ा जिले में फोरलेन पर सड़क हादसों और यातायात जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने नई कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत फोरलेन पर बने अवैध कट बंद किए जाएंगे, सुरक्षा के अधूरे कार्य जल्द पूरे करवाए जाएंगे और कछियारी में दो मिनट का होल्डिंग पॉइंट बनाया जाएगा। यह जानकारी एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने व्यापार मंडल प्रतिनिधियों और एनएचएआई अधिकारियों के साथ बैठक व मौके का निरीक्षण करने के बाद दी।
एसपी ने बताया कि गगल से रजोल तक फोरलेन का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि आगे का काम अभी लंबित है। फोरलेन पर सुरक्षा के लिहाज से साइनेज बोर्ड, रिफ्लेक्टिंग टेप, डायवर्जन पर चेतावनी बोर्ड और संवेदनशील स्थानों पर डब्ल्यू-बीम रेलिंग लगाने की जरूरत है। एनएचएआई को इन कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि फोरलेन पर बने छोटे कट और यू-टर्न दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के इन कटों से सड़क पार करने के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। ऐसे सभी अवैध कट बंद करवाए जाएंगे। यातायात की निगरानी मजबूत करने के लिए एनएचएआई से फोरलेन पर 360 डिग्री घूमने वाले कैमरे लगाने का आग्रह भी किया गया है। शाहपुर में आईटीएमएस व्यवस्था सुचारू रूप से काम कर रही है।
एसपी ने बताया कि सड़क परिवहन मंत्रालय ने फिलहाल फोरलेन पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा 60 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की है। भविष्य में जरूरत के अनुसार एनएचएआई इसका आकलन कर सकता है।
कछियारी में यातायात दबाव कम करने के लिए दो मिनट का होल्डिंग पॉइंट लागू किया जाएगा। यहां हमीरपुर और पालमपुर की ओर से आने वाले तेज रफ्तार वाहन पुरानी दो लेन सड़क पर पहुंचते ही जाम की स्थिति पैदा करते हैं। नई व्यवस्था के तहत वाहनों को दो मिनट रोककर सड़क पर पर्याप्त अंतर बनाया जाएगा। इसके बाद उन्हें मटौर चौक और धर्मशाला की ओर रवाना किया जाएगा।
वहीं, मटौर चौक पर यातायात का दबाव कम करने के लिए धर्मशाला जाने वाले वाहन चालकों को 53 मील मार्ग से जाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके लिए दिशा-सूचक बोर्ड भी लगाए गए हैं। चौक के आसपास सड़क किनारे पड़े मलबे को हटाने, सड़क की मरम्मत और चौक को चौड़ा करने के संबंध में भी निरीक्षण किया गया है। एनएचएआई ने इन कार्यों को जल्द करवाने पर सहमति जताई है। पुलिस के अनुसार, इन कदमों से यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

