home page

नगरोटा बगवां से तीन बार विधायक रहे राम चंद भाटिया का निधन, भाजपा सहित अन्य पार्टी नेताओं ने जताया शोक

 | 
नगरोटा बगवां से तीन बार विधायक रहे राम चंद भाटिया का निधन, भाजपा सहित अन्य पार्टी नेताओं ने जताया शोक


धर्मशाला, 29 जुलाई (हि.स.)। नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रहे चौधरी रामचंद भाटिया का बुधवार को 82 वर्ष की आयु में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है। उन्होंने टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दोपहर बाद करीब 3 बजे अंतिम सांस ली। वह पिछले कुछ दिनों से टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन थे। उनका अंतिम संस्कार वीरवार को उनके पैतृक गांव अमतराड में होगा।

उनके निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व विधायक विपिन सिंह परमार, पूर्व मंत्री एवं विधायक सुधीर शर्मा, विधायक पवन काजल, पूर्व विधायक अरुण कुमार कुका, ज़िला कांगड़ा भाजपा अध्यक्ष सचिन शर्मा, ज़िला कांगड़ा भाजपा प्रभारी, पूर्व मंत्री एवं विधायक बिक्रम ठाकुर, ज़िला कांगड़ा भाजपा सह-प्रभारी संजीव शर्मा, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता संजय शर्मा, राकेश शर्मा, प्रदेश भाजपा मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु, मंडल भाजपा अध्यक्ष सोनू चौधरी, बड़ोह मंडल अध्यक्ष अजीत राणा ने गहरा दुःख प्रकट किया तथा शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की।

नगरोटा बगवां से तीन बार विधायक रहे राम चंद भाटिया ने अपने सार्वजनिक जीवन में क्षेत्र के विकास, जनहित और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जो समर्पण दिखाया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा।

उधर पूर्व विधायक के निधन पर स्थानीय विधायक आरएस बाली सहित कई पार्टी नेताओं सहित अन्य लोगों ने उनके निधन पर शोक प्रकट करते हुए ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया