स्थानीय विधायक धर्मशाला में हो रहे विकास को पचा नही पा रहे : देवेंद्र जग्गी
धर्मशाला, 17 अक्टूबर (हि.स.)। धर्मशाला के पूर्व महापौर देवेंद्र सिंह जग्गी ने धर्मशाला के सकोह में 33.78 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इंडोर आइस स्केटिंग रिंक एवं रोलर स्केटिंग रिंक की आधारशिला रखने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया है। देवेंद्र सिंह जग्गी ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में धर्मशाला सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों को पचा नहीं पा रहे हैं। विकास कार्यों का स्वागत करने के बजाय वे राजनीतिक दृष्टिकोण से उन्हें देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता विकास चाहती है और प्रदेश सरकार जनहित में लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना धर्मशाला में खेल सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर प्रदान करेगी। इस परिसर में जिम, बिलियर्ड्स रूम, कैफे, वीआईपी लाउंज, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था तथा 250 वाहनों की पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह परियोजना खेल, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि धर्मशाला में इस तरह की आधुनिक खेल सुविधाओं का निर्माण क्षेत्र के युवाओं के भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे जहां क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा वहीं स्थानीय युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

