home page

फुटबॉल एसोसिएशन की बैठक में शहीदों की गाथा युवाओं तक पहुंचाने पर जोर

 | 

धर्मशाला, 06 सितंबर (हि.स.)।

अखिल भारतीय शहीद मेजर दुर्गा मल्ल एवं कैप्टन दल बहादुर थापा मेमोरियल गोल्ड कप फुटबॉल एसोसिएशन की सामान्य निकाय की बैठक शहीद मेजर दुर्गा मल्ल एवं कैप्टन दल बहादुर थापा स्मृति वाटिका, दाड़ी में आयोजित की गई। बैठक में एसोसिएशन की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई। बैठक में शहीद मेजर दुर्गा मल्ल और कैप्टन दल बहादुर थापा की वीरगाथाओं को आज की युवा पीढ़ी तक पहुंचाने और युवाओं को विभिन्न आयोजनों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।

सदस्यों ने कहा कि देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों के योगदान और उनके जीवन संघर्ष से युवाओं को परिचित करवाना समाज की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर एसोसिएशन की गतिविधियों में अमूल्य योगदान, सहयोग और समर्थन देने वाले लोगों को प्रशंसा एवं आभार प्रमाणपत्र तथा धन्यवाद पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि एसोसिएशन खेल गतिविधियों के साथ-साथ शहीदों की स्मृतियों और उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए भी निरंतर प्रयास करती रहेगी।

बैठक में साहित्य परिषद की अध्यक्ष साधना नेपाली, सेवानिवृत्त कर्नल जीबी थापा, सेवानिवृत्त डीआईजी विनोद कुमार थापा, कर्नल मोहिंदर कार्की, स्मृति वाटिका दाड़ी के अध्यक्ष कर्नल महेश्वर गुरूंग, मुख्य समन्वयक डॉ. नरेश मनकोटिया, डॉ. विक्रम श्रीवास्तव, सहायक कमांडेंट राजेश थापा, उपेंद्र छेत्री, अर्ति थापा, नीना बिष्ट, प्रमिला बिष्ट और बालमूर्ति बिष्ट सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया