त्योहारों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान तेज, 18 सैंपल भरे
धर्मशाला, 29 अक्टूबर (हि.स.)।
करवाचौथ और दीवाली के त्योहारी सीजन में मिठाइयों व अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को विभागीय टीम ने धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 18 सैंपल भरे। दीवाली और भैयादूज सहित पूरे त्योहारों के सीजन में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए विभाग अभियान को युद्ध स्तर पर चलाएगा।
सहायक आयुक्त मनजीत जरयाल की अगुवाई में विभागीय टीम ने कचहरी, कोतवाली, दाड़ी, शीला और सिद्धबाड़ी बाजार में विभिन्न दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। मिठाइयों में फेनिया, चना बर्फी, बेसन बर्फी, जलेबी, गुलाब जामुन और मठरी के सैंपल शामिल हैं। त्योहारों के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ने के चलते उनकी गुणवत्ता की जांच पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
विभागीय टीम ने मिठाइयों के अलावा बच्चों के आहार और स्वास्थ्यवर्धक उत्पादों के भी नमूने भरे। इनमें लैक्टोजन, होर्लिक्स, ग्लूकोज, मछली का तेल, कोलेजन, च्यवनप्राश, शुगर फ्री उत्पाद, ओमेगा फैटी एसिड और ग्लूटाथियोन जैसे उत्पाद शामिल हैं। इन नमूनों की प्रयोगशाला में जांच कर यह पता लगाया जाएगा कि संबंधित उत्पाद निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं।
सहायक आयुक्त मनजीत जरयाल ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और दुकानों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। विभाग की ओर से त्योहारों के दौरान बाजारों में निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई तेज रखी जाएगी।
गौरतलब है कि हाल ही में जिले में मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों के 13 सैंपल जांच में फेल हो चुके हैं। इन मामलों में विभागीय कार्रवाई की जा रही है। ऐसे में आगामी दीवाली और भैयादूज के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी बढ़ने से मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने की चुनौती रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

