धर्मशाला फिल्म फेस्टिवल में 40 देशों की 95 फिल्में होंगी प्रदर्शित, हॉलीवुड अभिनेता रिचर्ड गेयर भी करेंगे शिरकत
धर्मशाला, 23 अक्टूबर (हि.स.)।
धर्मशाला में 29 अक्टूबर से एक नवंबर तक आयोजित होने वाले धर्मशाला अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में 40 देशों की 95 फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। महोत्सव में हॉलीवुड अभिनेता रिचर्ड गेयर सहित देश-विदेश के कई प्रसिद्ध फिल्मकार और कलाकार हिस्सा लेंगे। इस दौरान 30 फिल्मों का विश्व, एशियाई और भारतीय प्रीमियर भी होगा।
महोत्सव की निदेशक रितु सरीन के अनुसार, आयोजन में फीचर फिल्मों के साथ लघु और मध्यम अवधि की फिल्में भी दिखाई जाएंगी। महोत्सव की शुरुआत रीमा दास की फिल्म नॉट अ हीरो से होगी, जबकि समापन पंजाबी फिल्म बर्ड्स इन द डार्क से होगा। इसके अलावा निखिल आडवाणी, सुधीर मिश्रा, दिबाकर बनर्जी, वरुण ग्रोवर, सयानी गुप्ता और कीर्ति कुल्हारी सहित कई फिल्मी हस्तियां भी इसमें शामिल होंगी।
कांगड़ा के अतिरिक्त जिलाधीश विनय कुमार के अनुसार महोत्सव में देश-विदेश से करीब 1200 से 1500 मेहमानों के पहुंचने की संभावना है। इससे धर्मशाला में पर्यटन, होटल कारोबार और टैक्सी सेवाओं को भी बढ़ावा मिलेगा। वर्ष 2012 में शुरू हुआ यह फिल्म महोत्सव अब अंतरराष्ट्रीय पहचान बना चुका है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

