नई इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग के बाद चलेगी 180 किलोमीटर : अजय वर्मा
धर्मशाला, 23 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एच.आर.टी.सी.) के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने बताया कि नई इलैक्ट्रिक बसों में लगेज के लिए बने बॉक्स को हटाकर उस जगह दो नई सीटें लगवाई जाएंगी। इससे इस नई बस में सीटिंग कैपेसिटी की संख्या बढ़कर 32 हो जाएगी व पीछे बैठने वाले यात्री को भी सामने क्लेयरिटी नजर आएगी। अजय वर्मा ने सोमवार को ट्रायल के लिए धर्मशाला पहुंची एच.आर.टी.सी. की नई इलैक्ट्रिक बस मॉडल का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बात कही।
उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में नई इलैक्ट्रिक बस का ट्रायल किया जा रहा है। इस ट्रायल में बस संबंधित जो कमियां आएंगी उनके बारे में संबंधित बस कंपनी को अवगत करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभाग के टैक्निकल एक्सपर्ट इसमें यह लिखकर देंगे कि ट्रायल के दौरान किस रूट पर बस से क्या एवरेज आई है।
अजय वर्मा ने बताया कि ट्रायल के दौरान नई इलैक्ट्रिक बस में 180 किलोमीटर एवरेज आने की संभावना है, लेकिन शिमला में विभागीय लोगों द्वारा बताया जा रहा है कि कुछ स्थानों पर एवरेज 173-174 के करीब आई है। उन्होंने बताया कि इन नई बसों में 10-12 चीजें है। जिन्हें हटाने के बारे में कंपनी को कहा जाएगा। जिसके बाद अप्रैल के अंत तक 50 फीसदी नई ईलैक्ट्रिक बसें आ जाएंगी।
वर्मा ने बताया कि इन नई बसों की खासियत यह है कि इसकी बैटरी अच्छी है। पहले इलैक्ट्रिक बस 120-125 किलोमीटर चार्जिंग के बाद चलती थीं। जबकि यह नई इलैक्ट्रिक बसें जल्दी चार्ज होने के बाद 180 किलोमीटर चलेंगी। इन नई इलैक्ट्रिक बसों के रूटों के बारे में उन्होंने बताया कि रूटों को लेकर प्रकिया जारी है। जिसपर विभाग के आर.एम. व डी.एम. कार्य कर रहे हैं। कोशिश है कि यह बसें पठानकोट व होशियारपुर तक चलाई जाएं। इसके साथ ही इन बसों को पुराने फ्लीट के साथ बदला जाएगा। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी यह बसें चलाई जाएंगी। करीब 1.71 करोड़ की लागत प्रति इलैक्ट्रिक बस की मैंटिनेंस संबंधित बस कंपनी द्वारा की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

