home page

एकलव्य स्कूलों की चयन परीक्षा का परिणाम घोषित

 | 

धर्मशाला, 08 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने शुक्रवार को 'एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल सिलेक्शन टेस्ट-2026' का बहुप्रतीक्षित परिणाम घोषित कर दिया है। इस घोषणा के साथ ही प्रदेश भर के उन सैंकड़ों विद्यार्थियों का इंतजार खत्म हो गया है, जो एकलव्य विद्यालयों में प्रवेश के माध्यम से उत्कृष्ट शिक्षा और आवासीय सुविधाओं का सपना देख रहे थे।

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि अनुसूचित जनजाति विभाग के सहयोग से आयोजित यह परीक्षा पूरी तरह से पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ संपन्न की गई है। उन्होंने जानकारी दी कि 29 मार्च 2026 को प्रदेश के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा का मूल्यांकन विशेषज्ञों की देखरेख में किया गया है। परीक्षार्थी अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रोल नंबर या एप्लीकेशन नंबर दर्ज कर सीधे अपना परिणाम चेक कर सकते हैं।

डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि परिणाम को पूरी तरह त्रुटिहीन बनाने के लिए बोर्ड ने विशेष प्रक्रिया अपनाई। इससे पूर्व जारी की गई अस्थायी उत्तरकुंजी पर अभ्यर्थियों से आपत्तियां मांगी गई थीं। प्राप्त आपत्तियों की विषय विशेषज्ञों द्वारा गहन समीक्षा की गई, जिसके बाद अंतिम उत्तरकुंजी तैयार हुई। इसी फाइनल की के आधार पर ही मेरिट लिस्ट और व्यक्तिगत अंक निर्धारित किए गए हैं।

प्रवेश प्रक्रिया को लेकर बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि अब आगामी कार्यवाही अनुसूचित जनजाति विभाग और संबंधित विद्यालय प्रबंधन समितियों द्वारा की जाएगी। बोर्ड परीक्षा से संबंधित सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज और अभिलेख विभाग को सौंप देगा। एकलव्य स्कूलों में दाखिला पूरी तरह से मेरिट और विभाग द्वारा निर्धारित आरक्षण व अन्य नियमों के आधार पर होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया