home page

शिक्षा बोर्ड की कार्यप्रणाली को प्रभावी व पारदर्शी बनाने के लिए टीम भावना के साथ करें कार्य : डॉ राजेश

 | 
शिक्षा बोर्ड की कार्यप्रणाली को प्रभावी व पारदर्शी बनाने के लिए टीम भावना के साथ करें कार्य : डॉ राजेश


धर्मशाला, 06 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बोर्ड के अधिकारियों से कहा कि शिक्षा बोर्ड की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के लिए टीम भावना के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक गतिविधि के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करते हुए बोर्ड की प्रतिष्ठा को और अधिक सुदृढ़ बनाएंगे। शनिवार को बोर्ड मुख्यालय में आयोजित एक बैठक में बोर्ड अध्यक्ष ने यह बात कही।

बोर्ड अध्यक्ष की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में बोर्ड के सचिव, उप सचिवों एवं सहायक सचिवों ने हिस्सा लिया। बैठक में आगामी परीक्षा सत्र 2026-27 के सफल एवं सुचारू संचालन से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

डॉ. शर्मा ने अधिकारियों को उनकी शाखावार जिम्मेदारियों एवं कार्यों के प्रभावी निष्पादन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बोर्ड की सभी गतिविधियों एवं परीक्षाओं का संचालन पूर्ण पारदर्शिता, समयबद्धता तथा जवाबदेही के साथ सुनिश्चित किया जाना चाहिए। साथ ही प्रत्येक अधिकारी को अपने कार्यक्षेत्र में समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बोर्ड द्वारा आयोजित की जाने वाली विभिन्न परीक्षाओं, जिनमें बोर्ड परीक्षाएं, शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट), डी.एल.एड. प्रवेश परीक्षा, डी.एल.एड. परीक्षाएं तथा अन्य शैक्षणिक एवं परीक्षा संबंधी गतिविधियां शामिल हैं, की तैयारियों की समीक्षा की गई। परीक्षा प्रबंधन, गोपनीयता, तकनीकी व्यवस्थाओं, परिणाम घोषणाओं तथा विद्यार्थी हित से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया