home page

10वीं के 25 मई और 12वीं के छात्र 19 मई तक कर सकते हैं पुनर्मूल्यांकन एवं पुनः निरीक्षण हेतु आवेदन : डॉ राजेश

 | 
10वीं के 25 मई और 12वीं के छात्र 19 मई तक कर सकते हैं पुनर्मूल्यांकन एवं पुनः निरीक्षण हेतु आवेदन : डॉ राजेश


धर्मशाला, 13 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि 12वीं की बोर्ड परीक्षा-2026 की उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन एवं पुनः निरीक्षण हेतु इच्छुक अभ्यर्थी संबंधित विद्यालय के माध्यम से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि कक्षा 12वीं के लिए पुनर्मूल्यांकन हेतु प्रति विषय 1000 तथा पुनः निरीक्षण हेतु प्रति विषय 800 शुल्क निर्धारित किया गया है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 19 मई 2026 निर्धारित की गई है तथा इस तिथि के बाद किसी प्रकार का विस्तार प्रदान नहीं किया जाएगा।

डॉ. शर्मा ने कहा कि पुनर्मूल्यांकन हेतु संबंधित विषय में न्यूनतम 20 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है तथा पुनर्मूल्यांकन केवल थ्योरी भाग का ही किया जाएगा, जिसमें एमसीक्यू शामिल नहीं होंगे। सभी आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही मान्य होंगे तथा बिना शुल्क के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

उन्होंने आगे बताया कि कक्षा 10वीं परीक्षा-2026 के पुनर्मूल्यांकन एवं पुनः निरीक्षण हेतु भी आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जाएगी। कक्षा 10वीं के लिए पुनर्मूल्यांकन हेतु 1000 प्रति विषय तथा पुनः निरीक्षण हेतु 800 प्रति विषय शुल्क निर्धारित किया गया है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 मई 2026 निर्धारित की गई है। पुनर्मूल्यांकन के लिए संबंधित विषय में न्यूनतम 20 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य रहेगा तथा पुनर्मूल्यांकन केवल थ्योरी भाग का ही किया जाएगा।

बोर्ड अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पुनर्मूल्यांकन एवं पुनः निरीक्षण आवेदन की अंतिम तिथियों में किसी प्रकार का विस्तार नहीं किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया