हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड की 10वीं व 12वीं सप्लीमेंट्री परीक्षा के लिए आवेदन शुरू, 5 जून तक मौका
धर्मशाला, 27 मई (हि.स.)।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जून/जुलाई-2026 में आयोजित होने वाली 10वीं और जमा दो की सप्लीमेंट्री, कंपार्टमेंट और अंक सुधार परीक्षाओं के लिए विस्तृत आवेदन प्रक्रिया, पात्रता श्रेणियां और शुल्क ढांचा जारी कर दिया है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बुधवार को बताया कि परीक्षाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और अभ्यर्थियों को अपने संबंधित स्कूलों या संस्थानों के माध्यम से ही आवेदन करना होगा।
बोर्ड ने साफ किया है कि इस परीक्षा में किसी भी नए (फ्रेश) छात्र को बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी बिना विलंब शुल्क के 1 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं, जबकि 1000 रुपये लेट फीस के साथ 5 जून 2026 तक फॉर्म भरे जा सकेंगे।
बोर्ड द्वारा जारी गाइडलाइंस के अनुसार, मैट्रिक स्तर पर छात्रों को दो विशेष सुधार श्रेणियां दी गई हैं। 'एसेंशियल इम्प्रूवमेंट कैटेगरी' के तहत वे विद्यार्थी परीक्षा दे सकेंगे जिन्होंने पांच अनिवार्य विषयों में से कम से कम तीन विषयों में सफलता हासिल की है। वहीं, 'ऑप्शनल इम्प्रूवमेंट कैटेगरी' उन छात्रों के लिए होगी जो सभी अनिवार्य विषयों में पास हैं, लेकिन अपने मार्क्स सुधारना चाहते हैं। इसके अलावा, कंपार्टमेंट श्रेणी में आने वाले छात्र वर्तमान बोर्ड नियमों के तहत आवेदन करने के पात्र होंगे। इसी तरह, जमा दो स्तर पर भी कंपार्टमेंट और ऑप्शनल इम्प्रूवमेंट श्रेणी के अभ्यर्थी तय नियमों के अनुसार परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे।
फीस ढांचे की जानकारी देते हुए डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि मैट्रिक कंपार्टमेंट और एसेंशियल इम्प्रूवमेंट श्रेणी के लिए प्रति विषय 700 रुपये शुल्क तय किया गया है, जबकि ऑप्शनल इम्प्रूवमेंट (अधिकतम तीन विषय) के लिए छात्रों को 950 रुपये प्रति विषय फीस देनी होगी। दूसरी ओर, जमा दो स्तर पर कंपार्टमेंट और अतिरिक्त विषय के लिए परीक्षा शुल्क 700 रुपये प्रति विषय और इम्प्रूवमेंट ऑफ परफॉर्मेंस के लिए 1150 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। बोर्ड अध्यक्ष ने सभी विद्यार्थियों और शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए निर्धारित समयावधि के भीतर आवेदन प्रक्रिया को हर हाल में पूरा कर लें।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

