home page

विलंब शुल्क के साथ 9वीं-10वीं के छात्रों के लिए पंजीकरण का आखिरी मौका 16 नवंबर तक

 | 
विलंब शुल्क के साथ 9वीं-10वीं के छात्रों के लिए पंजीकरण का आखिरी मौका 16 नवंबर तक


धर्मशाला, 20 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से संबद्ध सरकारी और निजी स्कूलों में पढ़ने वाले 9वीं और 10वीं कक्षा के छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए इन कक्षाओं की पंजीकरण प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है। जो छात्र किसी कारणवश अब तक अपना पंजीकरण नहीं करवा पाए हैं, उनके पास 500 विलंब शुल्क के साथ 16 नवंबर, 2026 तक फॉर्म भरने का आखिरी मौका है। इसके बाद किसी भी छात्र के पंजीकरण पर विचार नहीं किया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि फॉर्म भरते समय होने वाली मानवीय गलतियों को सुधारने के लिए बोर्ड द्वारा स्कूलों को अतिरिक्त समय दिया जाएगा। इसके लिए 17 नवंबर से 25 नवंबर, 2026 तक 'करेक्शन विंडो' खोली जाएगी। इस अवधि के दौरान स्कूल छात्र के नाम, पिता व माता के नाम, लिंग, जन्मतिथि, श्रेणी (कैटेगरी) और चुने गए ऐच्छिक विषयों में आसानी से संशोधन कर सकेंगे।

डॉ. शर्मा ने प्रदेश के सभी राजकीय और निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों व मुख्याध्यापकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे तय समय-सीमा के भीतर हर हाल में पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया