home page

9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के पंजीकरण के लिए 15 अक्टूबर अंतिम तिथि

 | 
9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के पंजीकरण के लिए 15 अक्टूबर अंतिम तिथि


धर्मशाला, 11 अक्टूबर (हि.स.)।

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से संबद्ध राजकीय एवं निजी विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं एवं 12वीं के नियमित विद्यार्थियों के ऑनलाइन पंजीकरण की बिना विलंब शुल्क अंतिम तिथि 15 अक्टूबर, 2026 निर्धारित की गई है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं विद्यालय प्रभारियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने विद्यालयों के सभी पात्र विद्यार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित करें।

डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 8 सितंबर, 2026 से शुरू की गई थी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 15 अक्टूबर तक प्रति विद्यार्थी 200 रुपये पंजीकरण शुल्क के साथ ऑनलाइन पंजीकरण किया जा सकता है। इसके बाद 16 अक्टूबर से 16 नवंबर, 2026 तक प्रति विद्यार्थी 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

बोर्ड अध्यक्ष ने प्रधानाचार्यों एवं विद्यालय प्रभारियों से कहा कि वे अपने विद्यालयों में पंजीकरण की स्थिति की समीक्षा करें तथा जिन पात्र विद्यार्थियों का पंजीकरण अभी तक नहीं हुआ है, उनकी प्रक्रिया 15 अक्तूबर से पहले अनिवार्य रूप से पूरी करवाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतिम तिथि तक पंजीकरण लंबित रखने से अंतिम समय में तकनीकी समस्या या अन्य असुविधा के कारण परेशानी हो सकती है। इसलिए विद्यालय समय रहते सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया