home page

अब 9वीं और 11वीं कक्षा से होगा विद्यार्थियों का पंजीकरण, बोर्ड ने किया बदलाव

 | 
अब 9वीं और 11वीं कक्षा से होगा विद्यार्थियों का पंजीकरण, बोर्ड ने किया बदलाव


धर्मशाला, 24 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने विद्यार्थियों की सुविधा और परीक्षा प्रणाली को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पंजीकरण नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब बोर्ड से संबद्ध सभी सरकारी और निजी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों का पंजीकरण 10वीं और 12वीं की बजाय 9वीं और 11वीं कक्षा में ही कर लिया जाएगा। यह महत्वपूर्ण निर्णय भविष्य में बोर्ड परीक्षाओं के दौरान छात्रों को होने वाली तकनीकी और प्रशासनिक परेशानियों से बचाने के लिए लिया गया है।

बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने सोमवार को बताया कि परीक्षा विनियम, 1994 के अध्याय-18 के नियम 18.1 में संशोधन किया गया है। नए प्रावधानों के तहत, 9वीं कक्षा में किया गया पंजीकरण छात्र के 10वीं (मैट्रिक) परीक्षा उत्तीर्ण करने तक वैध रहेगा। इसी प्रकार, 11वीं कक्षा का पंजीकरण 12वीं की परीक्षा पास करने तक मान्य होगा। यदि कोई छात्र किसी अन्य बोर्ड या विश्वविद्यालय से माइग्रेट होकर सीधे 10वीं अथवा 12वीं कक्षा में प्रवेश लेता है, तो उसे बोर्ड में एक नए अभ्यर्थी के रूप में अपना पंजीकरण करवाना होगा।

बोर्ड द्वारा प्रति विद्यार्थी पंजीकरण शुल्क 200 रुपये निर्धारित किया गया है। स्कूलों को बिना किसी विलंब शुल्क के 15 अक्टूबर तक पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करनी होगी। यदि कोई इस अवधि में चूक जाता है, तो वह 500 रुपये के विलंब शुल्क के साथ 15 नवंबर तक आवेदन कर सकेगा। तय अंतिम तिथि के बाद बिना बोर्ड अध्यक्ष की पूर्व अनुमति के कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

डॉ. राजेश शर्मा ने सभी संबद्ध शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों से आग्रह किया है कि वे संशोधित नियमों के अनुसार तय समयसीमा के भीतर ही विद्यार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी छात्र का भविष्य प्रभावित न हो।

बोर्ड द्वारा जल्द ही पंजीकरण का विस्तृत कार्यक्रम आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। विद्यार्थियों और अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे आगामी जानकारी के लिए बोर्ड की वेबसाइट व अधिकृत माध्यमों से जुड़े रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया