हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड ने बनाए 63 नए परीक्षा केंद्र, अब 230 सेंटरों पर होंगी परीक्षाएं
धर्मशाला, 25 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश में सितंबर-अक्टूबर 2026 में आयोजित होने वाली स्टेट ओपन स्कूल (एसओएस) और नियमित कक्षाओं की परीक्षाओं को लेकर स्कूल शिक्षा बोर्ड ने छात्रों को एक बड़ी सौगात दी है। विद्यार्थियों की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए बोर्ड ने 63 नए अतिरिक्त परीक्षा केंद्र अधिसूचित किए हैं। इन नए केंद्रों के जुड़ने के बाद अब प्रदेश भर में कुल 230 केंद्रों पर परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। ज्ञात हो कि इससे पहले 21 अगस्त 2026 को बोर्ड ने 167 परीक्षा केंद्र तय किए थे। इस अहम फैसले का मुख्य उद्देश्य परीक्षा व्यवस्था को अधिक सुगम बनाना और छात्रों को उनके घर के नजदीक ही परीक्षा देने की सुविधा उपलब्ध कराना है।
बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि हिमाचल की भौगोलिक स्थिति और बरसात के मौसम में खराब होने वाले रास्तों को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। बोर्ड की यह प्राथमिकता है कि दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े। इन 63 नए केंद्रों को निर्धारित करते समय परीक्षार्थियों की कुल संख्या, स्थानीय स्कूलों की उपलब्धता और आवागमन (ट्रांसपोर्ट) की सुविधाओं का विशेष रूप से मूल्यांकन किया गया है।
उधर छात्रों को राहत देने के साथ ही बोर्ड ने परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाया है। डॉ. राजेश शर्मा ने स्पष्ट कहा है कि परीक्षा की पवित्रता के साथ कोई समझौता नहीं होगा। सभी परीक्षा केंद्रों को यह सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे परीक्षा के दौरान की सीसीटीवी फुटेज को कम से कम छह महीने तक अनिवार्य रूप से सुरक्षित रखें। यदि किसी भी परीक्षा केंद्र पर सामूहिक नकल या अनुचित साधनों के प्रयोग का मामला सामने आता है, और उसमें केंद्र के स्टाफ की संलिप्तता पाई जाती है, तो उस परीक्षा केंद्र की मान्यता को स्थायी या एक निश्चित अवधि के लिए रद्द कर दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

